झोलाछाप डॉक्टर के गलत इलाज से सांस लेने में हुई तकलीफ, सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने पर पहुंचे एसपी ऑफिस

कवर्धा – जिले के लालपुर कला क्षेत्र में फर्जी डिग्री के सहारे लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने का एक गंभीर मामला सामने आया है. एक झोलाछाप डॉक्टर के गलत इलाज के कारण 23 वर्षीय युवक की हालत बिगड़ गई, जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) कबीरधाम से लिखित शिकायत कर सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है.
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता रामेश्वर ठाकुर (उम्र 23 वर्ष, निवासी वार्ड नं. 03 राम नगर कवर्धा) ने बताया कि 16 जून 2026 को रामचुवा मंदिर घूमने के दौरान अचानक चक्कर और उल्टी आने पर उनके दोस्तों ने उन्हें लालपुर कला स्थित डॉक्टर परसराम साहू के क्लिनिक पहुंचाया. आरोप है कि बिना किसी पर्ची के डॉक्टर ने बीपी-शुगर जांच कर ड्रिप लगाई और तीन प्रकार की गोली सुबह-शाम में खाने के लिए दो दिन की गोली ददीं. इसके बदले 350 रुपये फीस भी ली गई. घर लौटने के बाद रात में पीड़ित के जिस हाथ में ड्रिप लगाई गई थी, उसमें असहनीय दर्द, झुनझुनी और सांस लेने में भारी तकलीफ होने लगी, जिससे वह काम पर जाने में भी असमर्थ हो गया.
परेशानी बढ़ने पर जब पीड़ित जिला अस्पताल कवर्धा पहुंचा, तो वहां इलाज करने वाले डॉ. हर्षित तुवानी ने बताया कि किसी गलत जगह इलाज कराने के कारण यह इंफेक्शन/समस्या हुई है. इसके बाद पीड़ित को पता चला कि इलाज करने वाला डॉक्टर परसराम साहू एक झोलाछाप/फर्जी डॉक्टर है. पीड़ित के अनुसार, क्लिनिक में लगाई गई BAMS (बी.ए.एम.एस.) की डिग्री फर्जी है, जिसका वीडियो भी उनके मित्र के पास उपलब्ध है. मामले की शिकायत 17 जून 2026 को सी.एम. हेल्पलाइन 1076, सीएमएचओ कार्यालय और औषधि निरीक्षक कबीरधाम से की गई थी. हालांकि, लंबे समय तक कोई जांच प्रतिवेदन या कार्रवाई न होने के कारण पीड़ित ने अब पुलिस अधीक्षक से आरोपी के दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.


