वज्रपात का कहर : फोटो खिंचवा रहे युवक की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत, प्रशासन की अपील

जशपुर- जिले से एक बेहद दुखद और दर्दनाक मामला सामने आया है, जहाँ वर्षा के दौरान आकाशीय बिजली (वज्रपात) की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई. इस आकस्मिक हादसे से मृतक के परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर है. मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 19 जुलाई को किनकेल घाट के समीप हुई. मृतक की पहचान 25 वर्षीय गौरव खलखो के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि घटना के वक्त वे अपने साथियों के साथ एक खुले मैदान में मौजूद थे और वहाँ फोटो खिंचवा रहे थे. इसी दौरान अचानक गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
इस गंभीर घटना को संज्ञान में लेते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने जिलेवासियों से अपील की है कि वर्षा, तेज गर्जना और बिजली चमकने के दौरान विशेष सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की अनहोनी से बचा जा सके.
अपनी सुरक्षा के लिए इन बातों का रखें विशेष ध्यान-
- खुले मैदान, खेत, पहाड़ी, जंगल एवं ऊंचे पेड़ों के नीचे न रुकें.
- तुरंत किसी सुरक्षित भवन या पक्के आश्रय स्थल में चले जाएं.
- बिजली के खंभों, हाईटेंशन लाइनों, मोबाइल टावरों तथा नदी, तालाब व अन्य जलाशयों से दूर रहें.
- मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी जागरूक करें.
