स्कूल जा रहे हेडमास्टर की गला रेतकर निर्मम हत्या, पुलिस जांच में जुटी

बलरामपुर- जिले के त्रिकुंड थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ स्कूल जा रहे एक स्कूल के हेडमास्टर की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई. इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है.
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान जयकरन जगते के रूप में हुई है। वह ग्राम धमनी-कुमीहा स्थित शासकीय विद्यालय में प्रधानपाठक (हेडमास्टर) के पद पर पदस्थ थे। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह वे स्कूल के लिए निकले थे. इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियार से गला रेतकर उनकी हत्या कर दी.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी है.
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीनी विवाद की आशंका जताई जा रही है. हालांकि पुलिस मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. वहीं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.
