चंद्रनगर में फर्जी शिकायत पर राशन दुकान का लाइसेंस निरस्त, ग्रामीणों ने की ईमानदार संचालक को बहाल करने की मांग

बलरामपुर-रामानुजगंज- जिले के ग्राम चंद्रनगर में उचित मूल्य की राशन दुकान के संचालन को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. ग्रामीणों का आरोप है कि मौजूदा सरपंच की साजिश और फर्जी शिकायत के चलते एक ईमानदार संचालक को हटा दिया गया है, जिसके कारण अब ग्रामीणों को अपने ही हक का राशन पाने के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम चंद्रनगर में उचित मूल्य राशन की दुकान का संचालन कयूम अंसारी द्वारा बहुत ही ईमानदारी से किया जाता था, जिससे कार्डधारियों को समय पर और बिना किसी परेशानी के राशन मिलता था. ग्रामीणों का दावा है कि उन्होंने किसी भी शिकायत पत्र पर हस्ताक्षर या अंगूठा नहीं लगाया है. आरोप है कि मौजूदा सरपंच ने अपने स्वार्थ के लिए ग्रामीणों के फर्जी हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान का उपयोग कर एसडीएम के समक्ष एक झूठा शिकायती पत्र प्रस्तुत किया. इस फर्जी शिकायत के आधार पर प्रशासन ने कयूम अंसारी की दुकान का लाइसेंस निरस्त कर दिया और राशन दुकान को पास के ही बुलगांव की उचित मूल्य दुकान से अटैच कर दिया. खेती-किसानी और मजदूरी के इस व्यस्त सीजन में गरीबों को सुबह से लंबी लाइनों में खड़े रहने के बावजूद समय पर राशन नहीं मिल पा रहा है.
ग्रामीणों की जिला प्रशासन से गुहार
ठगा हुआ महसूस कर रहे चंद्रनगर के ग्रामीणों ने मीडिया के माध्यम से जिला प्रशासन से अपील की है कि इस पूरे फर्जीवाड़े की निष्पक्ष जांच की जाए. ग्रामीणों की मांग है कि स्थिति को देखते हुए जल्द से जल्द पुरानी व्यवस्था बहाल की जाए और राशन दुकान का संचालन पुनः पुराने संचालक कयूम अंसारी को सौंपा जाए ताकि क्षेत्र के गरीब और बेसहारा लोगों को इस मुसीबत से राहत मिल सके.
