कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले किसानों का होगा सम्मान

दुर्ग- छत्तीसगढ़ शासन द्वारा कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार प्रदान किया जाता है. इस वर्ष 2026 के लिए इस प्रतिष्ठित पुरस्कार हेतु आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है। पुरस्कार का वितरण 1 नवंबर (राज्य स्थापना दिवस) के मुख्य समारोह में किया जाएगा.
संयुक्त संचालक कृषि से प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेती में नवाचार, जैविक कृषि, उत्पादन वृद्धि, कृषि यंत्रीकरण, जल संरक्षण सहित अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पात्र किसान निर्धारित प्रारूप में आवश्यक दस्तावेजों के साथ जिला कृषि कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं.
प्राप्त आवेदनों का परीक्षण विकासखंड स्तरीय समिति द्वारा किया जाएगा.समिति किसानों के कार्यों का स्थल निरीक्षण एवं सत्यापन कर अपनी रिपोर्ट जिला स्तरीय समिति को सौंपेगी.इसके बाद जिला स्तरीय समिति द्वारा अधिकतम तीन उत्कृष्ट किसानों का चयन कर उनके नाम जिला कलेक्टर के माध्यम से कृषि संचालनालय को भेजे जाएंगे.
गौरतलब है कि डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार छत्तीसगढ़ के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं प्रखर कृषक नेता डॉ. खूबचंद बघेल की स्मृति में दिया जाता है. यह सम्मान उन किसानों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने कृषि क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य कर अन्य किसानों के लिए प्रेरणा प्रस्तुत की है.
