नगर विकास योजना के नाम पर निजी डेवलपर्स को लाभ पहुंचाने का आरोप, प्रभावित ग्रामीणों के न्याय तक प्रक्रिया रोकने की मांग

रायपुर- पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहम्मद अकबर ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि नया रायपुर क्षेत्र के नकटी सहित छह गांवों की लगभग 1076 एकड़ (436.01 हेक्टेयर) भूमि को नगर विकास योजना के नाम पर निजी बिल्डरों को सौंपने की तैयारी की जा रही है.उनका दावा है कि इस प्रस्तावित योजना में नकटी गांव की कुछ भूमि भी शामिल है, जहां पहले से भूमि विवाद और विस्थापन का मामला चर्चा में रहा है.
अकबर के अनुसार, सरकारी दस्तावेजों से संकेत मिलता है कि चयनित एजेंसी को सड़क, जलापूर्ति, सीवरेज और विद्युत जैसी आधारभूत सुविधाएं विकसित करने के साथ मिश्रित उपयोग भूमि के विकास और बिक्री का अधिकार भी प्रस्तावित है.उन्होंने आशंका जताई कि इससे सरकारी भूमि का लाभ निजी डेवलपर्स को मिल सकता है.
उन्होंने कहा कि नकटी गांव में पहले से विवाद और विस्थापन का मुद्दा बना हुआ है.ऐसे में प्रभावित परिवारों को न्याय और सर्वसम्मत समाधान मिलने तक सरकार को इस योजना पर आगे नहीं बढ़ना चाहिए.उन्होंने सरकार से पूरे मामले पर पारदर्शिता बरतने और ग्रामीणों की चिंताओं का समाधान करने की मांग की.
