साधु के वेश में आए ठग: घर से सोना निकालने का झांसा देकर ऐंठे 5 लाख, 6 शातिर ठग गिरफ्तार

कांकेर- जिले की बांदे पुलिस और साइबर सेल ने तत्परता दिखाते हुए अंधविश्वास का फायदा उठाकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है. साधु का वेश धारण कर घर से गड़ा हुआ सोना निकालने और गंभीर बीमारियां दूर करने का झांसा देकर एक पीड़ित से 5 लाख रुपये की ठगी करने वाले 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से ठगी की गई रकम में से 4,96,000 रुपये नगद और वारदात में इस्तेमाल एक पिकअप वाहन को बरामद कर लिया है.
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (पखांजूर) राकेश कुर्रे एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (पखांजूर) रवि कुजूर के मार्गदर्शन में थाना बांदे पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय ठग गिरोह का भंडाफोड़ किया.
महाराष्ट्र के नागपुर और गढ़चिरौली में दी दबिश
प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक रामचंद्र साहू के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन का विश्लेषण किया, जिससे आरोपियों के महाराष्ट्र में होने का पता चला. पुलिस टीम ने तुरंत जाल बिछाकर महाराष्ट्र के नागपुर और गढ़चिरौली के विभिन्न इलाकों में दबिश देकर गिरोह का पर्दाफाश किया गया
कांकेर पुलिस की अपील
अंधविश्वास, झाड़-फूंक, चमत्कार या घर से सोना निकालने जैसे झांसों में न आएं. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हेतु हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर संपर्क करें. आपकी पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी.
इस कार्यवाही में निरीक्षक रामचन्द्र साहू थाना प्रभारी बांदे, प्रशिक्षु उप निरीक्षक विवेक वर्मा, सहायक उप निरीक्षक राजकुमार सिन्हा, प्रधान आरक्षक सूर्यदेव कुंजाम, आरक्षक यशवंत मंडावी, नरोत्तम कुलदीप तथा सायबर सेल कांकेर से निरीक्षक यशवंत श्याम, प्रधान आरक्षक नारद सिंह देवांगन, आरक्षक जितेन्द्र नाग एवं भूपेश नेताम की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
