डॉक्टरको कारण बताओ नोटिस, बीएमओ से भी मांगा जवाब
अंबिकापुर- सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बरतने का एक बड़ा मामला सामने आया है. सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो की शिकायत के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने कड़ी कार्रवाई करते हुए संबंधित डॉक्टर और खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) के खिलाफ शिकंजा कस दिया है.
बताया जा रहा है कि 12 जून की रात को सीतापुर CHC में आपातकालीन मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाया. ऑन-कॉल ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक अस्पताल से नदारद थे, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. अस्पताल में लगातार हो रही अव्यवस्था को लेकर स्थानीय जनता ने सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो से लगातार शिकायतें की थीं. मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से इस पर कड़ी आपत्ति जताई.
विधायक की शिकायत को बेहद गंभीर मानते हुए स्वास्थ्य विभाग तत्काल हरकत में आया. CMHO ने ड्यूटी से गायब रहने वाले संबंधित चिकित्सक को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी कर दिया है. इसके साथ ही, अस्पताल प्रबंधन की निगरानी में कमी पाए जाने पर खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) से भी पूरे मामले पर स्पष्टीकरण मांगा गया है.
