बाल संप्रेक्षण गृह की खिड़की तोड़कर 11 अपचारी बालक फरार
अंबिकापुर- शहर के बाल संप्रेक्षण गृह से एक बेहद संवेदनशील और बड़ी सुरक्षा चूक का मामला सामने आया है. यहां सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर 11 अपचारी बालक खिड़की तोड़कर और दीवार फांदकर फरार हो गए हैं. इस घटना के बाद से ही बाल संप्रेक्षण गृह प्रबंधन में अफरा-तफरी का माहौल है.पुलिस ने तत्काल तलाश अभियान शुरू कर दिया है.
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम जब इलाके में तेज आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश हो रही थी और बिजली कटी हुई थी, तभी इन नाबालिगों ने इस स्थिति का फायदा उठाया और कमरे की खिड़की उखाड़कर वहां से भाग निकले. घटना के वक्त संप्रेक्षण गृह के मुख्य गेट पर दो सुरक्षाकर्मी बकायदा तैनात थे. इसके बावजूद इतनी बड़ी संख्या में (11 बालक) बालकों का चुपचाप भाग जाना वहां की अंदरूनी सुरक्षा और निगरानी पर कई गंभीर सवाल खड़े करता है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने फरार सभी 11 अपचारी बालकों की तलाश के लिए टीमों का गठन कर जांच तेज कर दी है. फिलहाल गांधी नगर पुलिस आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चला रही है और फरार बालकों का कोई सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है.
