नावापारा-कुन्नी सड़क का MLA प्रबोध मिंज ने किया औचक निरीक्षण, गुणवत्ताहीन काम देख भड़के
नितेश श्रीवास्तव/ सरगुजा- क्षेत्र में विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज बेहद सख्त नजर आ रहे हैं. नावापारा से कुन्नी तक करीब 27 करोड़ रुपए की लागत से बन रही 13 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य का विधायक मिंज ने औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में कई गंभीर खामियां मिलने पर उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई.
अधिकारियों के सामने दिखाई कमियां, कहा- लापरवाही बर्दाश्त नहीं
विधायक प्रबोध मिंज ने निरीक्षण के दौरान खुद अधिकारियों के सामने गुणवत्ताहीन सड़क को दिखाया और नाराजगी जाहिर की. उन्होंने स्पष्ट लहजे में कहा, “यह सड़क जनता के पैसे से बन रही है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.” उन्होंने विभाग और ठेकेदार को सख्त निर्देश दिए कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए. सड़क के घटिया निर्माण को देखते हुए विधायक ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सुधार कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं.
