KCC फर्जीवाड़ा और धान भुगतान का मामला गरमाया
नितेश श्रीवास्तव / बलरामपुर- प्रशासन की कथित बेरुखी और अनदेखी से नाराज पीड़ित किसान आज सुबह 10 बजे से रामानुजगंज स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सामने अनिश्चितकालीन उग्र धरने पर बैठ गए हैं. किसानों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, यह आंदोलन लगातार जारी रहेगा.
किसानों के आरोप और प्रमुख मांगें
धान बिक्री वर्ष 2025-26 की बकाया राशि का भुगतान तुरंत किया जाए. किसानों के नाम पर किए गए फर्जी केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) मामले को पूरी तरह खत्म किया जाए. किसानों का कहना है कि इन गंभीर मुद्दों पर प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई या सुनवाई नहीं की गई है.
एसडीएम को सौंपा था ज्ञापन
आंदोलन पर बैठने से पहले, किसानों ने 9 जून को मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री के नाम अनुविभागीय अधिकारी (SDM) को एक ज्ञापन सौंपा था. प्रशासन को दी गई समय-सीमा में मांगें पूरी न होने के कारण किसानों ने अब आर-पार की जंग का ऐलान कर दिया है. आंदोलनकारी किसानों ने शासन-प्रशासन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि मांगें पूरी होने तक प्रदर्शन उग्र रहेगा. इस दौरान यदि कोई भी अप्रिय स्थिति निर्मित होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी.
