रेत खदान विवाद में खौफनाक वारदात: फॉर्च्यूनर में जिंदा जला भाजपा नेता, 4 आरोपी हिरासत में
कोरिया- जिले के सोनहत तहसील अंतर्गत ग्राम कटगोड़ी (नवगई) में रेत उत्खनन को लेकर चल रहा विवाद मंगलवार रात एक खौफनाक हत्याकांड में बदल गया. आरोप है कि कुछ लोगों ने एक फॉर्च्यूनर वाहन को टिपर से टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त किया और फिर उसमें पेट्रोल डालकर आग लगा दी. इस घटना में भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की जलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए.
जानकारी के अनुसार, भरत सिंह अपने साथियों के साथ फॉर्च्यूनर से जा रहे थे. रास्ते में आरोपियों ने कथित तौर पर टिपर से कई बार वाहन को टक्कर मारी, जिससे गाड़ी के दरवाजे जाम हो गए. जब अंदर मौजूद लोग शीशे तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई. आरोप है कि बाहर निकलने का प्रयास कर रहे लोगों के साथ मारपीट भी की गई. घटना में घायल तीनों लोगों को गंभीर हालत में अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी रात में ही घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों—अक्षय त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मन्नू त्रिपाठी—को हिरासत में लिया है. पुलिस के अनुसार, तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, मृतक भरत सिंह गहरवार और मनोज त्रिपाठी के बीच लंबे समय से रेत उत्खनन को लेकर विवाद चल रहा था. मंगलवार दोपहर को भी दोनों पक्षों के बीच झड़प हुई थी, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई थी. देर रात यह विवाद हिंसक रूप ले बैठा और एक व्यक्ति की जान चली गई.
घटना की जानकारी मिलते ही बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े भी मौके पर पहुंचे. पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है.
