कलेक्टर जनदर्शन से कृषक को मिली राहत, पैतृक कृषि भूमि हुई कब्जामुक्त
राजनांदगांव- कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण की दिशा में जिला प्रशासन लगातार प्रभावी कार्य किया जा रहा है. इसी कड़ी में लाल बहादुर नगर तहसील के ग्राम ग्राम पीतेपानी निवासी टुकुनराम गोंड की भूमि संबंधी समस्या का समाधान करते हुए उनकी पैतृक कृषि भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया. टुकुनराम गोंड ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन प्रस्तुत कर बताया था कि उनकी निजी कृषि भूमि, जो उनके पूर्वजों की पैतृक संपत्ति है, पर गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है. उन्होंने भूमि को कब्जामुक्त कराने और अपने वैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए जिला प्रशासन से सहायता की मांग की थी.
कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर तहसीलदार द्वारा राजस्व अमले के साथ मौके पर पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया गया. जांच के दौरान यह पाया गया कि संबंधित भूमि पर तार फेंसिंग कर अवैध रूप से कब्जा किया गया था. इसके बाद राजस्व विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जा हटाया और भूमि को कब्जामुक्त कराया. कार्रवाई के बाद टुकुनराम गोंड को उनकी पैतृक भूमि का वैधानिक अधिकार पुन: प्राप्त हो गया. समस्या के समाधान पर उन्होंने जिला प्रशासन एवं राजस्व विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया.
