कलेक्टर ने महक नरवासे की उपलब्धि पर दी बधाई और शुभकामनाएं
राजनांदगांव- जिले की होनहार क्रिकेटर महक नरवासे को भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम के टी-20 और वनडे दोनों में उपकप्तान नियुक्त किए जाने पर राजनांदगांव कलेक्टर जितेंद्र यादव और वनमंडलाधिकारी आयुष जैन ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं. अधिकारियों ने कहा कि महक ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और खेल के प्रति समर्पण के बल पर जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है.
कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि महक की यह उपलब्धि जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत है. उन्होंने विश्वास जताया कि महक भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी.
उल्लेखनीय है कि भारत और श्रीलंका के बीच अंडर-19 महिला टी-20 श्रृंखला 22 जून से शुरू होगी, जिसके बाद वनडे मुकाबले खेले जाएंगे. महक नरवासे दोनों प्रारूपों में भारतीय टीम की उपकप्तान के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हुए मैदान पर नजर आएंगी. उनकी उपलब्धि से राजनांदगांव जिले में उत्साह का माहौल है.
