रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु लगातार दूसरी बार फाइनल में
आईपीएल सीजन 19 के पहले क्वालिफायर में मंगलवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटंस (GT) को 92 रन से हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बना ली है. आज (27 मई) टूर्नामेंट के एलिमिनेटर में राजस्थान रॉयल्स (RR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) न्यू चंडीगढ़ के न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आमने-सामने होंगी. जो भी टीम यह एलिमिनेटर जीतेगी, वह शुक्रवार को होने वाले क्वालिफायर-2 के लिए न्यू चंडीगढ़ में ही रुकेगी. जहां उसका मुकाबला क्वालीफायर-1 हारने वाली गुजरात टाइटंस से होगा. फाइनल मैच में 31 मई को अहमदाबाद में खेला जाएगा.
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी RCB ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. कप्तान रजत पाटीदार ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 93 रन बनाए. उनकी इस पारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया. पाटीदार के अलावा विराट कोहली और क्रुणाल पांड्या ने 43-43 रन की अहम पारियां खेलीं. देवदत्त पडिक्कल ने 30 रन बनाए, जबकि वेंकटेश अय्यर ने 19 और जितेश शर्मा ने 15 रन का योगदान दिया. अंत में टिम डेविड ने तेजी से रन जोड़कर टीम को 250 के पार पहुंचाया. गुजरात की ओर से जेसन होल्डर और कैगिसो रबाडा ने 2-2 विकेट लिए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा को एक सफलता मिली.
255 रन के लक्ष्य के सामने बिखरी गुजरात की बल्लेबाजी
255 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने पावरप्ले के भीतर ही अपने टॉप और मिडिल ऑर्डर के 5 विकेट गंवा दिए. कप्तान शुभमन गिल सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हुए, जबकि साई सुदर्शन 14 और जोस बटलर 29 रन ही बना सके. इसके अलावा वॉशिंगटन सुंदर 8 और निशांत सिंधु 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. जेसन होल्डर बिना खाता खोले आउट हो गए. लगातार गिरते विकेटों के बीच राहुल तेवतिया ने संघर्षपूर्ण अर्धशतक लगाते हुए 68 रन बनाए, लेकिन वह टीम को हार से नहीं बचा सके.GT की पूरी टीम 19.3 ओवर में 162 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई और RCB ने मुकाबला 92 रन से अपने नाम कर लिया.
रॉयल्स ने अपने आखिरी लीग स्टेज के मुकाबले में मुंबई इंडियंस को करो या मरो के मैच में 30 रनों से हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह बनाई और सनराइजर्स के खिलाफ मुकाबले में प्रवेश किया है.
जोफ्रा आर्चर के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन और सनराइजर्स हैदराबाद के मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाजों के महत्वपूर्ण योगदान की बदौलत रॉयल्स ने एमआई के खिलाफ एक प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया. इसके बाद गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए रॉयल्स को आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में पहुंचाया. सनराइजर्स हैदराबाद भी शानदार फॉर्म में है और एलिमिनेटर में लगातार अपने पिछले दो मैच जीतकर उतरी है. इस अहम मुकाबले में कई रोमांचक मोड़ देखने को मिलेंगे.
