सरकारी दफ्तर में दादागिरी पड़ी महंगी! बिल पेमेंट के चक्कर में गाली-गलौज और मारपीट, गिरफ्तार
राजनांदगांव- थाना डोंगरगांव पुलिस ने नगर पंचायत कार्यालय में हंगामा कर मारपीट करने वाले आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी कृपाराम बर्मन ने थाना डोंगरगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह नगर पंचायत डोंगरगांव में उप अभियंता के पद पर कार्यरत हैं. 25 मई 2026 को दोपहर लगभग 3:30 बजे वह अपने कार्यालय कक्ष में शासकीय कार्य कर रहे थे, तभी आरोपी हरिशंकर साहू निवासी वार्ड क्रमांक 13 मटिया, थाना डोंगरगांव, जिला राजनांदगांव कार्यालय पहुंचा. आरोप है कि बिल भुगतान को लेकर आरोपी ने कार्यालय में अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उप अभियंता को चोटें आईं.
प्रार्थी की शिकायत पर थाना डोंगरगांव में अपराध क्रमांक 188/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(2) एवं 121(1) BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई.
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना को स्वीकार कर लिया, जिसके बाद विधिवत गिरफ्तार कर उसे माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया.
गिरफ्तार आरोपी
हरिशंकर साहू पिता हीराराम साहू उम्र 34 साल निवासी वार्ड नं. 13 मटिया थाना डोंगरगांव जिला राजनांदगांव
