छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष और RSS के वरिष्ठ प्रचारक थे सिन्हा
रायपुर – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को राजधानी रायपुर के कबीर नगर स्थित छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं भारतीय जनता पार्टी के पूर्व संभागीय संगठन मंत्री रूपनारायण सिन्हा के निवास पहुंचकर उनका अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर उन्हें ढाढस बंधाया और इस दुःख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया.
ज्ञात हो कि मंगलवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान रूपनारायण सिन्हा की अचानक तबियत बिगड़ गई. इस बीच उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत की, जिसके बाद सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उनकी कार्डियक अरेस्ट से उनकी मौत हो गई. उनका अंतिम संस्कार बुधवार को कबीर नगर स्थित मुक्तिधाम में सुबह 11 बजे किया गया.
संगठन, योग और समाजसेवा के प्रति उनका समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि उनका स्नेह, सरलता, संगठन क्षमता और समाज के प्रति समर्पण सदैव स्मृतियों में जीवंत रहेगा. उन्होंने संगठन, जनसेवा, योग तथा भारतीय संस्कृति के संवर्धन में उल्लेखनीय योगदान दिया, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा. उनका निधन भाजपा परिवार, संगठन और पूरे प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है.
उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों, शुभचिंतकों और समर्थकों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति दें.
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व संगठन प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह, विधायक पुरंदर मिश्रा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, पर्यटन एवं संस्कृतिक मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद भोजराज नाग रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, पूर्व मंत्री एवं विधायक राजेश मूणत, विधायक धरमलाल कौशिक, पूर्व विधायक पूनम चंद्राकर, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर सिंह पटेल, राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ के बिसराराम यादव, रामप्रसाद सिंह, राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ रायपुर के वरिष्ठ प्रचारक डॉ. पूर्णेन्दु सक्सेना, जिला सहकारी बैंक दुर्ग अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष दुर्ग जितेंद्र वर्मा, मनोज शुक्ला, पंकज शर्मा, पूर्व संगठन मंत्री रंजन पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे.
शुक्रवार 5 जून को होगी श्रद्धांजलि सभा
दिवंगत रूपनारायण सिन्हा के सम्मान में शासकीय कला, वाणिज्य एवं विज्ञान महाविद्यालय रायपुर के ऑडिटोरियम में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया है. जिसमें राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ, भारतीय जनता पार्टी सहित योग एवं विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े जनप्रतिनिधि शामिल होंगे.
