नहीं रहे योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा, RSS प्रचारक से कैबिनेट मंत्री तक का रहा सफर
रायपुर- छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रूपनारायण सिन्हा (68) का बिलासपुर के तिफरा में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है. उन्हें साय सरकार में कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त था. उनके निधन की खबर से प्रदेश के राजनीतिक, सामाजिक और योग साधक परिवारों में शोक व्याप्त है. उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन हेतु वेदांता सिटी रायपुर स्थित निवास पर रखा गया है.

प्रशिक्षण महाअभियान के थे प्रभारी
सोमवार से वहां भाजपा जिला संगठन की ओर से ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान 2026’ के तहत दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ हुआ था. वे इस पूरे प्रशिक्षण अभियान के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे.
दो दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन मंगलवार को प्रशिक्षण वर्ग के दौरान ही अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. वहां मौजूद पदाधिकारियों द्वारा उन्हें तुरंत इलाज के लिए बिलासपुर सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. दुर्ग जिले के पाटन ब्लाक के ग्राम कुम्हली निवासी श्री सिन्हा के परिवार में पत्नी लक्ष्मी सिन्हा के आलावा पुत्रद्वय नीरज सिन्हा (22) और धीरज सिन्हा (21) हैं. उनके पिता भी राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ के निष्ठावान प्रचारक थे. उनका संस्कार रूपनारायण सिन्हा पर पड़ा था.

दिग्गजों की थी मौजूदगी
इस दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक अमर अग्रवाल सहित भाजपा के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे.
संघ और जनसेवा में समर्पित रहा जीवन
उनका पूरा जीवन जनसेवा और संगठन के लिए समर्पित रहा. वे लंबे समय तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रचारक के रूप में बस्तर संभाग सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न स्थानों में सक्रिय रहे. अपनी सरलता, सहजता और कुशल कार्यशैली के कारण वे सभी वर्गों में अत्यंत लोकप्रिय थे.

संगठन और समाज को अपूरणीय क्षति
वे लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े हुए थे और जमीनी स्तर पर बेहद सक्रिय थे. इसके साथ ही वे विभिन्न सामाजिक और योग गतिविधियों में लगातार अग्रणी भूमिका निभा रहे थे. उनके निधन को पार्टी और समाज के लिए एक बड़ी और अपूरणीय क्षति माना जा रहा है. उनका जीवन संगठन, सादगी और सेवा को समर्पित रहा. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़कर उन्होंने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की और लंबे समय तक भाजपा संगठन मंत्री की जिम्मेदारी निभाई. विष्णुदेव साय सरकार ने जनवरी 2025 में छत्तीसगढ़ योग आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया, जहां उन्होंने योग को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में काम किया. 26 मई 2026 को बिलासपुर के तिफरा स्थित भाजपा प्रशिक्षण शिविर में अंतिम समय तक सक्रिय रहते हुए उनका निधन हो गया.
मुख्यमंत्री सहित वरिष्ठ नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित राज्य सरकार के मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है. सीएम साय ने उन्हें याद करते हुए कहा कि आज हमारे योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा के आकस्मिक निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ. उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ. प्रभु से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा उनके शोक-संतप्त परिजनों एवं समस्त कार्यकर्ताओं को इस दुःख को सहन करने की शक्ति दें.
