रमन नगर के वर्षों पुराने रहवासियों के समर्थन में डॉ. रमन सिंह से मिले पार्षद रवि सिन्हा, वार्डवासियों के साथ सौंपा ज्ञापन
राजनांदगांव- रमन नगर क्षेत्र (वार्ड क्रमांक 39, हीरा मोती वार्ड) में पिछले कई दशकों से रह रहे परिवारों को मिले बेदखली के नोटिस का विरोध तेज हो गया है. वार्डवासियों के पुनर्वास और उन्हें यथास्थान रहने देने की मांग को लेकर भाजपा पार्षद रवि सिन्हा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में नागरिक स्थानीय विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मिलने पहुंचे. इस दौरान उन्होंने एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर मानवीय आधार पर इस गंभीर समस्या के त्वरित समाधान की गुहार लगाई.
पार्षद रवि सिन्हा ने डॉ. रमन सिंह को अवगत कराया कि रमन नगर में अनेक परिवार पिछले लगभग 50 वर्षों से निवासरत हैं. ये सभी परिवार नियमित रूप से नगर निगम के करों का भुगतान करते आ रहे हैं तथा इसी क्षेत्र से उनकी आजीविका संचालित होती है. क्षेत्र के कई परिवारों ने वर्षों की मेहनत की कमाई से अपने पक्के मकान भी निर्मित किए हैं. अचानक नोटिस मिलने से क्षेत्र के लोगों में भय एवं असुरक्षा का वातावरण निर्मित हो गया है.
रवि सिन्हा ने कहा कि वर्षों से बसे हुए परिवारों को बिना उचित व्यवस्था के हटाना मानवता के विपरीत होगा. गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों की आजीविका, बच्चों की शिक्षा और सामाजिक जीवन पूरी तरह इसी क्षेत्र से जुड़ा हुआ है. ऐसे में शासन एवं प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेना चाहिए.
डॉ. रमन सिंह ने वार्डवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि लंबे समय से निवासरत परिवारों की समस्याओं को मानवीय दृष्टिकोण से देखा जाना आवश्यक है और इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर उचित समाधान का प्रयास किया जाएगा.
इस अवसर पर बड़ी संख्या में रमन नगर के वार्डवासी उपस्थित रहे एवं सभी ने एक स्वर में अपने आशियाने को सुरक्षित रखने की मांग की.
