बर्तन दुकान से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाते दो आरोपी गिरफ्तार, 18,400 नकद और 4 मोबाइल जब्त
रायगढ़ – जिले में जुआ-सट्टा के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत रायगढ़ पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है. इसी कड़ी में थाना पूंजीपथरा और साइबर थाना की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि ग्राम गेरवानी में एक बर्तन दुकान के भीतर मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश देकर दो आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा.
मौके पर आरोपी श्याम कुमार अग्रवाल अपने साथी सुरेश अग्रवाल के साथ मोबाइल फोन के जरिए रुपये-पैसों का हार-जीत आधारित ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते मिला. पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करना स्वीकार किया. पुलिस ने आरोपी श्याम कुमार अग्रवाल के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और नगद 17,000 रुपये तथा आरोपी सुरेश अग्रवाल के कब्जे से एक मोबाइल फोन और 1,400 रुपये बरामद कर गवाहों के समक्ष जप्त किया.
थाना पूंजीपथरा में आरोपी श्याम कुमार अग्रवाल और सुरेश अग्रवाल के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 4 एवं 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है.
गिरफ्तार आरोपी-
1- श्याम कुमार अग्रवाल पिता स्वर्गीय बजरंग अग्रवाल, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम गेरवानी, जिला रायगढ़.
2- सुरेश अग्रवाल पिता स्वर्गीय दुर्गा प्रसाद अग्रवाल, उम्र 42 वर्ष, निवासी कृष्णा विहार कॉलोनी, रायगढ़.
जप्ती – नकदी रकम 18400 रूपये, 4 मोबाइल (विवो, रीयल मी)
फरार आरोपी –
रामफल अग्रवाल, निवासी ग्राम गेरवानी, जिला रायगढ़.
