निर्माणाधीन आईटीआई बालिका छात्रावास से खिड़की चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव- जिले के थाना लालबाग पुलिस ने निर्माणाधीन आईटीआई बालिका छात्रावास से सिल्वर धातु के स्लाइडर फ्रेम और एल्युमिनियम खिड़कियों की चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सामान में से करीब 20 हजार रुपये मूल्य के एल्युमिनियम सेक्शन एवं खिड़की के कांच बरामद किए हैं. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है, जबकि फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना लालबाग पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी को पकड़ा. प्रार्थी राकेश कुमार कंवर (28 वर्ष), निवासी ग्राम जंतर थाना डोंगरगढ़, ने 9 मई 2026 को थाना लालबाग में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि वह शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था पेंड्री में गार्ड के पद पर कार्यरत हैं और निर्माणाधीन छात्रावास भवन से लगभग 60 स्लाइडर खिड़कियों में से कई खिड़कियां अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई थीं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये थी.
घटना की रात निरीक्षण के दौरान दो व्यक्तियों को खिड़कियां चोरी करते देखा गया. मौके पर एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम दिनेश उर्फ होम बहादुर यादव (18 वर्ष), निवासी राजीव नगर वार्ड क्रमांक 33, बसंतपुर बताया.
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर 2 मई 2026 को भी आईटीआई बालिका छात्रावास परिसर से स्लाइडर खिड़कियां चोरी करना स्वीकार किया. आरोपी ने बताया कि चोरी किए गए एल्युमिनियम सामान को बेचकर प्राप्त रकम आपस में बांटकर खर्च कर दी गई थी.
मामले में लालबाग पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 194/2026 के तहत धारा 305(E), 3(5), 331(4) BNS के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. पुलिस अब फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है.
गिरफ्तार आरोपी
होम बहादुर यादव उर्फ दिनेश पिता स्व लक्ष्मीनारायण यादव निवासी राजीव नगर थाना बसंतपुर जिला राजनांदगांव छत्तीसगढ़
