शौच के लिए गई पत्नी पर पति ने टंगिया से किया घातक वार, आरोपी पति गिरफ्तार
राजनांदगांव – थाना लालबाग पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी रंजीत पारधी (38 वर्ष), निवासी ग्राम कविराज टोलागांव ने अपनी पत्नी पूर्णिमा पारधी की टंगिया से हत्या कर दी थी.
घटना का विवरण
दिनांक 4 मई 2026 को जिला पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से थाना लालबाग को सूचना मिली कि कविराज टोलागांव में एक महिला की उसके पति द्वारा टंगिया मारकर हत्या कर दी गई है. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची. पुलिस ने सूचनाकर्ता राहुल पारधी की रिपोर्ट पर मर्ग कायम कर विवेचना शुरू की.
विवाद की वजह
पूछताछ में आरोपी रंजीत पारधी (38 वर्ष) ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. आरोपी ने बताया कि उसका विवाह 12-13 साल पहले पूर्णिमा पारधी से हुआ था. पिछले एक साल से उसकी पत्नी उसे छोड़कर उसके चचेरे भाई सूरज पारधी के साथ रह रही थी. इसी पारिवारिक रंजिश और विवाद के चलते आरोपी ने हत्या की साजिश रची.
शौचालय के पास दिया वारदात को अंजाम
सोमवार की सुबह जब पूर्णिमा पारधी गांव के शासकीय शौचालय की ओर गई थी, तब आरोपी रंजीत अपनी टीवीएस मोपेड से वहां पहुँचा और अपने पास रखी टंगिया से पूर्णिमा के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया.
पुलिस की कार्रवाई
लालबाग पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस टीम में उप निरीक्षक प्रमोद श्रीवास्तव, सउनि ए.पी. शीला और अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही. आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है.
