बंगाल की जनता ने भय, आतंक और तुष्टिकरण की राजनीति को नकारा – रवि सिन्हा
राजनांदगांव- भारतीय जनता पार्टी के पार्षद एवं शासकीय शिवनाथ विज्ञान महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष रवि सिन्हा ने पश्चिम बंगाल में उभरते राजनीतिक बदलावों और जनभावनाओं पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि अब देश की जनता जागरूक हो चुकी है और लोकतंत्र को प्रभावित करने वाली किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों, तुष्टिकरण तथा भय आधारित राजनीति को स्वीकार करने के मूड में नहीं है.
रवि सिन्हा ने कहा कि वर्षों तक पश्चिम बंगाल की राजनीति पर डर, भय, हिंसा और अराजकता का वातावरण हावी रहा. आम नागरिक लोकतांत्रिक अधिकारों के उपयोग में भी स्वयं को असहज महसूस करते थे. लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं और स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि वहां की आम जनता शांति, सुरक्षा, विकास और सुशासन आधारित राजनीति चाहती है.
उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है और देश की सीमाओं की सुरक्षा तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था की पवित्रता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है. मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता लोकतंत्र की आत्मा है, इसलिए इस दिशा में पारदर्शिता और कठोरता आवश्यक है.
रवि सिन्हा ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में सुशासन, विकास और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जो विश्वास बना है, उसका प्रभाव पूरे देश में दिखाई दे रहा है. जनता अब जाति, धर्म, भय और भ्रम की राजनीति से ऊपर उठकर विकास, रोजगार, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के मुद्दों पर निर्णय ले रही है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में पश्चिम बंगाल सहित पूरे देश में लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा तथा जनता राष्ट्रवादी सोच और विकासोन्मुखी नेतृत्व को प्राथमिकता देगी.
