अंधे हत्याकांड का खुलासा: उधारी रकम को लेकर पनपी रंजिश बनी हत्या की वजह, आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़- जिले के ग्राम कुम्हीचुआ में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का कापू पुलिस ने खुलासा कर दिया है. 27 अप्रैल 2026 को 30 वर्षीय देवव्रत तुरी का शव उसके निर्माणाधीन मकान के पीछे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था. सूचना पर थाना कापू में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक की मौत दम घुटने और गले की हड्डी टूटने से होना पाए जाने पर हत्या की पुष्टि हुई, जिसके बाद अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई. संदेह के आधार पर करमसाय नगेसिया पिता पतिराम नगेसिया उम्र 42 वर्ष निवासी ग्राम कुम्हीचुआ को थाना लाकर गहन पूछताछ की गई. जांच में सामने आया कि आरोपी और मृतक के बीच उधारी रकम को लेकर विवाद था, जो धीरे-धीरे रंजिश में बदल गया. इसी रंजिश के चलते आरोपी ने गला और मुंह दबाकर देवव्रत तुरी की हत्या कर दी. हत्या के बाद उसने शव को घर के पीछे फेंककर साक्ष्य छिपाने की कोशिश भी की.
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. इस मामले में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस ने पेशेवर तरीके से अंधे हत्याकांड का पर्दाफाश किया है और ऐसे जघन्य अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
