बिलासपुर बेलतरा क्षेत्र में छात्रहित और खेल संस्कृति की रक्षा को लेकर उठी आवाज आखिरकार असर दिखा गई. कांग्रेस नेता अंकित गौरहा के लगातार प्रयासों के बाद शासकीय ई. राघवेंद्र राव स्नातकोत्तर विज्ञान महाविद्यालय के खेल मैदान में प्रस्तावित फन फेयर अम्यूजमेंट पार्क मेले की अनुमति प्रशासन ने निरस्त कर दी है.
दरअसल, लंबे समय से कॉलेज के खेल मैदान का उपयोग व्यावसायिक और सार्वजनिक आयोजनों के लिए किया जा रहा था.जिससे खिलाड़ियों और छात्रों को अभ्यास में बाधा का सामना करना पड़ रहा था. इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए अंकित गौरहा ने कलेक्टर को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की थी.और मैदान को केवल खेल एवं शैक्षणिक गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखने की बात कही थी.
गौरहा की पहल के बाद कॉलेज प्रशासन भी सक्रिय हुआ। प्राचार्य ने कलेक्टर को पत्र लिखकर स्पष्ट दिशा-निर्देश मांगे और बताया कि व्यावसायिक आयोजनों से शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा है.इसके बाद प्रशासन ने पूरे मामले पर विचार करते हुए छात्र हित को प्राथमिकता दी.

जानकारी के अनुसार, 30 अप्रैल से 8 जून 2026 तक आयोजित होने वाले फन फेयर मेले के लिए आवेदन दिया गया था.जिसमें झूले और विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियां प्रस्तावित थी.लेकिन अनुभागीय अधिकारी, बिलासपुर ने आदेश जारी कर इस आयोजन की अनुमति निरस्त कर दी और स्पष्ट किया कि खेल मैदान का उपयोग केवल शैक्षणिक और खेल गतिविधियों के लिए ही किया जाएगा.अंकित गौरहा ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि खेल मैदान युवाओं के भविष्य निर्माण का केंद्र होता है और इसका व्यावसायिक उपयोग छात्रों के साथ अन्याय है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे आगे भी छात्र हितों की रक्षा के लिए आवाज उठाते रहेंगे.
