दुर्ग भिलाई के सुपेला थाना अंतर्गत स्मृति नगर चौकी क्षेत्र से शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. बटालियन स्थित STF कॉलोनी में एक महिला ने घर में घुसकर STF जवान की पत्नी और उसके 9 वर्षीय बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी, जबकि दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं.बीजापुर STF में पदस्थ आरक्षक ललितेश यादव की पत्नी रीना यादव अपने तीन बच्चों के साथ बी-ब्लॉक स्थित मकान में रहती थीं.घटना के समय ललितेश यादव टिकट रिजर्वेशन कराने बाहर गए हुए थे। इसी दौरान करीब सुबह 7:30 से 8 बजे के बीच 25 वर्षीय सरोजनी भारद्धाज घर में घुसी और धारदार चाकू से हमला कर दिया.
हमले में 9 वर्षीय आदित्य यादव की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि रीना यादव ने अस्पताल में दम तोड़ दिया.हमले के दौरान मां ने अपनी बेटियों को भागने के लिए कहा.एक बेटी बाहर निकलकर पड़ोसियों को सूचना देने में सफल रही, जबकि दूसरी बेटी बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाने में कामयाब रही.

शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने आरोपी महिला को पकड़ लिया, उसके हाथ से चाकू छीनकर बांध दिया और पुलिस को सूचना दी.पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां दो बेटियों नैना और सान्या का इलाज जारी है.
सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है.कि आरोपी महिला एक दिन पहले भी घर आई थी.जिसे समझाकर वापस भेज दिया गया था.आरोपी सरोजनी भारद्धाज जांजगीर की निवासी बताई जा रही है और दुर्ग में किराए के मकान में रह रही थी। वह STF जवान की परिचित थी.
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि आरोपी और जवान के बीच सोशल मीडिया के जरिए संपर्क था और दोनों के बीच कथित संबंध की बात सामने आ रही है. अभी पुलिस की जांच चल रही है.
