75 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म का आरोपी 2 माह बाद रायपुर से गिरफ्तार, जेल भेजा गया
धमतरी- जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. यह आरोपी पिछले करीब दो महीनों से फरार था और पुलिस की लगातार निगरानी व प्रयासों के बाद रायपुर से पकड़ा गया.
पुलिस अधीक्षक धमतरी के सख्त निर्देश और निरंतर मॉनिटरिंग के चलते थाना कुरूद पुलिस ने इस गंभीर मामले में तेजी से कार्रवाई जारी रखी. महिला संबंधी अपराध को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए मामले की नियमित समीक्षा की जा रही थी और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे.
जानकारी के मुताबिक, 17 फरवरी 2026 को आरोपी ने एक 75 वर्षीय वृद्ध महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था. पीड़िता के परिजनों द्वारा थाना कुरूद में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 41/2026 धारा 64, 332(ख) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया.
मामले की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए विवेचना के दौरान पीड़िता एवं गवाहों के कथनों को विधिवत दर्ज किया गया, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया तथा घटना स्थल का सूक्ष्म एवं गहन निरीक्षण कर आवश्यक तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्य सावधानीपूर्वक संकलित किए गए. घटना के पश्चात आरोपी अपने घर से फरार हो गया था. उनसे संपर्क संबंधी कोई जानकारी प्राप्त नहीं हो पा रही थी, जिससे उसकी तलाश पुलिस के लिए और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गई थी.
उसकी तलाश में थाना कुरूद पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों, रिश्तेदारों एवं परिचितों से लगातार पूछताछ की गई, किंतु प्रारंभिक स्तर पर कोई ठोस जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी. आरोपी की गिरफ्तारी हेतु मुखबिर एवं सूचना तंत्र को सक्रिय कर सतत निगरानी रखी जा रही थी. इसी दौरान आरोपी के रायपुर में होने की सटीक सूचना प्राप्त होते ही कुरूद पुलिस तत्काल सक्रिय हुई. पुलिस टीम द्वारा योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर फरार आरोपी को रायपुर से धर दबोचा गया.
गिरफ्तार आरोपी सूर्या सिसोदिया (पारधी), उम्र 26 वर्ष से पूछताछ के दौरान उसने अपराध करना स्वीकार किया. पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है.
गिरफ्तार आरोपी
सूर्या सिसोदिया (पारधी), उम्र 26 वर्ष, निवासी – झांकी, थाना अभनपुर, जिला रायपुर (छ.ग.)
