सिम्हांस अस्पताल देवादा में मरीज की हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव- जिले स्थित सिम्हांस मेंटल अस्पताल, देवादा में एक मरीज की हत्या मामले में सोमनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. मृतक की पहचान कामता प्रसाद बंजारे (42 वर्ष), निवासी ग्राम कांकेतरा, के रूप में हुई है, जिन्हें 29 मार्च 2026 को मानसिक रोग के उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
जानकारी के अनुसार, घटना 9 अप्रैल 2026 की रात करीब 2 से 3 बजे के बीच की है, जब कामता प्रसाद बंजारे अपने वार्ड में घायल अवस्था में पाए गए. अस्पताल प्रशासन द्वारा उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई.
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक पर उसी वार्ड में भर्ती एक अन्य मरीज ने हमला किया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. साक्ष्य संकलन और पूछताछ के बाद यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी आत्माराम निर्मलकर (45 वर्ष), निवासी ग्राम सण्डी पंडरिया, थाना छुईखदान, जिला केसीजी ने गला दबाकर हत्या की है. पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया है. मामले की आगे की जांच जारी है.
