पीड़ितों को उचित मुआवजा और घायलों के बेहतर इलाज की मांग
सक्ती- जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है. डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से भीषण हादसा हो गया. इस हादसे में 4 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि दो दर्जन से ज्यादा मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घायल मजदूरों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है.
इस दुखद घटना पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गहरा दुख और चिंता व्यक्त की है. उन्होंने कहा कि सक्ती स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुई बॉयलर ब्लास्ट की सूचना अत्यंत पीड़ादायक है. प्राप्त जानकारी अनुसार इस भीषण हादसे में अब तक 4 मजदूरों की अकस्मात मौत तथा दर्जनों मजदूरों के बुरी तरह घायल होने की खबर है. ईश्वर दिवंगत जनों को शांति एवं शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करें. शासन-प्रशासन से अनुरोध है कि पीड़ितों के लिए उचित मुआवजे के साथ ही सभी घायलों के यथोचित उपचार की व्यवस्था की जाए. ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं.
