3 महीने में पैसा डबल! जशपुर में करोड़ों की ठगी का बड़ा खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार
जशपुर –छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के बगीचा और सन्ना इलाके में “पैसा दोगुना” करने का सपना दिखाकर ग्रामीणों को ठगने वाले गिरोह का पुलिस ने बड़ा पर्दाफाश किया है। hedgexfund नाम की फर्जी नेटवर्क कंपनी के जरिए भोले-भाले लोगों से लाखों रुपये ऐंठे गए। मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से 5 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी से पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी है.
जानकारी के अनुसार, पीड़िता उर्मिला बाई (26 वर्ष), निवासी कापू टोली, थाना सन्ना ने 10 अप्रैल 2026 को थाना बगीचा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वर्ष 2023 में उनकी पहचान रूपसेरा भलमंडा निवासी दंपति कालेश्वर राम और मीनी बाई से हुई थी. कुछ दिनों बाद ये दोनों अन्य आरोपी शिवशंकर राम (निवासी ग्राम घाघरा, थाना सन्ना) और नीरा सिंह (निवासी दरबारी टोली, जशपुर) के साथ प्रार्थिया की मां चंद्रमणि बाई के ग्राम महादेवडांड स्थित घर पहुंचे. आरोपियों ने खुद को hedgexfund नामक नेटवर्क कंपनी का सदस्य बताते हुए प्रार्थिया की मां को झांसे में लिया और कहा कि इस कंपनी में निवेश करने पर 3 माह के भीतर राशि दोगुनी हो जाएगी. साथ ही भरोसा दिलाया कि यदि राशि दोगुनी नहीं हुई तो ब्याज सहित पूरी रकम वापस कर दी जाएगी. इस लालच में आकर प्रार्थिया की मां उनके झांसे में आ गईं.
इसके बाद आरोपी महादेवडांड गांव के उमेश राम, विवेक सिंह तथा प्रार्थिया के कापू टोली स्थित घर पर बार-बार जाकर ग्रामीणों को निवेश के लिए प्रेरित करते रहे. इस प्रकार प्रार्थिया ने वर्ष 2023 में 20,000 रुपये, दिनांक 10.01.2024 को 1,00,000 रुपये तथा 19.01.2024 को 50,000 रुपये, कुल 1,70,000 रुपये नगद और फोन पे के माध्यम से आरोपियों को दिए. वहीं प्रार्थिया की मां चंद्रमणि बाई ने भी 15.02.2024 को 40,000 रुपये दिए. राशि लेने के बाद आरोपियों ने प्रार्थिया एवं अन्य पीड़ितों के नाम से hedgexfund का आईडी और पासवर्ड बनाकर दिया, जिसमें लॉग इन करने पर राशि डॉलर में दिखाई देती थी. कुछ समय बाद यह वॉलेट बंद हो गया, जिससे ठगी का अहसास हुआ. जब प्रार्थिया ने अपनी राशि वापस मांगी, तो आरोपी टालमटोल करने लगे. इस प्रकार आरोपियों ने थाना सन्ना और बगीचा क्षेत्र के कई ग्रामीणों को hedgexfund नेटवर्क कंपनी के माध्यम से रुपए दोगुने करने का लालच देकर ठगी की है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए बगीचा थाना में भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई. वहीं जांच के दौरान पुलिस ने इस ठगी से जुड़े छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पांच आरोपी मीनी बाई, कालेश्वर राम, अनिल लकड़ा, शिवनाथ राम और नीरा सिंह को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है. वहीं मुख्य आरोपी शिवशंकर राम को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने आरोपी शिवशंकर राम के कब्जे से एक टोयोटा टायजर कार (क्रमांक JH-01FU-9460) भी जब्त की है. मामले की जांच जारी है और आशंका है कि पीड़ितों की संख्या तथा ठगी की रकम दोनों बढ़ सकती हैं.
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
शिवशंकर राम (29 वर्ष), ग्राम घाघरा, थाना सन्ना
मीनी बाई (52 वर्ष), ग्राम रूपसेरा भलमंडा, थाना लोदाम
कालेश्वर राम (48 वर्ष), ग्राम रूपसेरा भलमंडा, थाना लोदाम
अनिल लकड़ा (50 वर्ष), ग्राम जरिया बरटोली, चौकी मनोरा
शिवनाथ राम (27 वर्ष), ग्राम दमेरा रायकोना
नीरा सिंह (36 वर्ष), दरबारी टोली, जशपुर
