समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव ने जताई नाराजगी
रायपुर- आदिमजाति विकास विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में बजट खर्च को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है. विभाग को आवंटित कुल राशि में से केवल 68 प्रतिशत ही खर्च हो पाया, जबकि करीब 969 करोड़ रुपये लैप्स हो गए. इस गंभीर स्थिति पर प्रमुख सचिव ने समीक्षा बैठक में नाराजगी जताई. उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समय पर राशि खर्च करना जरूरी है, ताकि हितग्राहियों को पूरा लाभ मिल सके.
बैठक में ई-ऑफिस व्यवस्था में सुस्ती और प्रशासनिक ढिलाई को भी खर्च में कमी का बड़ा कारण बताया गया. प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फाइलों के निपटारे में तेजी लाई जाए और तय समयसीमा में कार्य पूरे किए जाएं. इसके साथ ही विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आगामी वित्तीय वर्ष में कम से कम 80 प्रतिशत बजट खर्च सुनिश्चित करने का लक्ष्य दिया गया. समय पर कार्यालय नहीं पहुंचने वाले कर्मचारियों पर भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
