सरकारी अधिकारी- कर्मचारियों को बड़ा तोहफा, मानसिक तनाव कम करने ध्यान योग के लिए मिलेगा विशेष अवकाश
रायपुर- छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने मानसिक तनाव कम करने और कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए एक खास पहल की है. अब राज्य के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मान्यता प्राप्त विपश्यना ध्यान शिविरों में भाग लेने के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश प्राप्त कर सकेंगे.
आदेश के तहत, मान्यता प्राप्त केंद्रों द्वारा आयोजित 10 दिवसीय आवासीय विपश्यना ध्यान शिविर में भाग लेने के लिए कर्मचारियों को पूरे सेवा काल में अधिकतम 6 बार विशेष आकस्मिक अवकाश (Special Casual Leave) दिया जाएगा. इस अवकाश की अवधि यात्रा समय सहित अधिकतम 12 दिनों की होगी.
शिविर में भाग लेने के लिए आवेदन के साथ पंजीकरण पत्र (Admission Letter) जमा करना अनिवार्य होगा. शिविर पूर्ण होने के बाद प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र (Completion Certificate) कार्यालय में प्रस्तुत करना होगा, अन्यथा उस अवधि को अन्य अवकाश में समायोजित किया जाएगा.
यह अवकाश संबंधित विभाग के सक्षम अधिकारी की अनुमति से स्वीकृत होगा और इसे ड्यूटी (On Duty) माना जाएगा, जिससे इस दौरान पूरा वेतन मिलेगा. हालांकि, शिविर में भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता या अन्य खर्च शासन द्वारा वहन नहीं किया जाएगा.
