वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री मोहसिना किदवई का निधन, भूपेश बघेल ने दुख जताया
नोएडा- मेरठ से तीन बार सांसद रहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री मोहसिना किदवई का बुधवार को निधन हो गया है. उन्होंने 93 साल की उम्र में सुबह चार बजे अस्पताल में अंतिम सांस ली. बताया जा रहा है कि वे लंबे समय से बीमार चल रही थीं. जानकारी के मुताबिक उनकी अंतिम यात्रा बुधवार को नोएडा के सेक्टर 40 स्थित आवास से निकलेगी. दिल्ली के निजामुद्दीन कब्रिस्तान में शाम पांच बजे उनको सुपुर्दे खाक किया जाएगा.
बता दें कि किदवई इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की सरकारों में केंद्रीय मंत्री रही हैं. उन्होंने स्वास्थ्य, शहरी विकास, पर्यटन और नागरिक उड्डयन जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय संभाले हैं. मोहसिना किदवई का जन्म 1 जनवरी, 1932 को बाराबंकी में हुआ था. वे दो बार छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सदस्य भी चुनी गईं. वह 1978 उपचुनाव, 1980 और 1984 में मेरठ से सांसद चुनी गईं. इसके बाद 2004 से 2010 और 2010 से 2016 तक राज्यसभा की सदस्य रहीं.
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मोहसिना किदवई के निधन पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि ‘पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहसिना किदवई जी के निधन का समाचार दुखद है. सरल एवं सहज व्यक्तित्व की धनी मोहसिना जी कांग्रेस की विचारधारा के प्रति समर्पित एक बेहद ही कर्मठ नेत्री थीं. उनका निधन पार्टी की अपूरणीय क्षति है. शोक की इस घड़ी में हमारी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ है. ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान एवं परिजनों व समर्थकों को इस दुःख को सहन करने का सामर्थ्य प्रदान करें.
