राजनांदगांव का गौरव: नन्हे खिलाड़ी का बड़ा कमाल, दक्ष चौबे राष्ट्रीय हॉकी टीम में शामिल
राजनांदगांव- राजनांदगांव के आरकेसी स्कूल के छात्र दक्ष चौबे ने कम उम्र में ही बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए छत्तीसगढ़ की राष्ट्रीय हॉकी टीम में जगह बना ली है. वे 1 से 12 अप्रैल तक बिहार के राजगीर में आयोजित होने वाली 16वीं राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे. खास बात यह है कि वे टीम के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं.
दक्ष खेलो इंडिया सेंटर राजनांदगांव में कोच शकील अहमद से प्रशिक्षण प्राप्त करते है. दक्ष का चयन हाल ही में राजनांदगांव में आयोजित ट्रायल एवं प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से हुआ, जिसमें उन्होंने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए चयनकर्ताओं को प्रभावित किया. विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि को छात्र की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम बताया है.
इससे पूर्व दक्ष चौबे ने 27 नवंबर से 30 नवंबर 2025 तक आयोजित राज्य स्तरीय शालेय हॉकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. इसके अलावा 22 दिसंबर से 27 दिसंबर 2025 तक मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता में भी उन्होंने भाग लिया, जहां वे सबसे कम उम्र के खिलाड़ी रहे.
दक्ष चौबे ने सीनियर मॉर्निंग कप राजनांदगांव, सीनियर हॉकी प्रतियोगिता महासमुंद, रुद्राक्ष ऑल इंडिया हॉकी प्रतियोगिता सहित कई प्रमुख प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है. उन्होंने मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द टूर्नामेंट, बेस्ट गोलकीपर एवं एक्सीलेंट प्लेयर जैसे कई सम्मान भी अर्जित किए हैं.
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि दक्ष चौबे पढ़ाई में भी उतने ही उत्कृष्ट हैं. कक्षा पांचवीं में उन्होंने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शैक्षणिक क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है.
विद्यालय के प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ ने दक्ष चौबे को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है तथा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई है.
दक्ष की इस उपलब्धि पर शाला की अध्यक्षा सविता जेबी सिंह, उपाध्यक्ष अशोक चौधरी, प्रशासक संजय बहादुर सिंह, सावंत बहादुर सिंह, जन्मेजय बहादुर सिंह, श्रेयांश बहादुर सिंह, डॉ. इंद्रकुमार वैष्णव, अकादमिक डायरेक्टर अभिषेक खंडेलवाल, सीबीएसई प्राचार्या एकता खंडेलवाल, उप-प्राचार्या ममता मिश्रा एवं सभी शिक्षक शिक्षिकाओं ने बधाई दी एवं उज्ववल भविष्य की कामना की.
