मोबाइल टावर पर ड्रामा: शादी से इनकार पर युवक ने किया हाई वोल्टेज प्रदर्शन, पुलिस ने बचाई जान
अंबिकापुर- जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र में एक युवक ने शादी के लिए अजीबो-गरीब हाई वोल्टेज ड्रामा किया. पसंद की लड़की से शादी कराने की जिद में युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और करीब 4 घंटे तक हंगामा करता रहा. उसने चेतावनी दी कि शादी नहीं होने पर वह जान दे देगा. इस दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और स्थिति तनावपूर्ण बनी रही.
जानकारी के अनुसार, युवती ने पहले ही शादी से इनकार कर दिया था और युवक के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया. पूरा ड्रामा लुंड्रा थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर करीब 4 घंटे तक चलता रहा. टावर से नीचे उतारने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और लोगों से अपील की है कि इस तरह के मामलों में कानून अपने हाथ में न लें और कानूनी रास्ता अपनाएं.
