सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला: किराया वृद्धि से परेशान रिटायर कर्मचारियों को राहत की उम्मीद
भिलाई- बीएसपी (भिलाई इस्पात संयंत्र) आवासों के दंडात्मक किराया समायोजन को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है. कोर्ट ने कंपनी के अधिकारों को बरकरार रखते हुए यह स्पष्ट किया कि प्रक्रिया संतुलित, पारदर्शी और न्यायसंगत होनी चाहिए, साथ ही कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाए. लगातार बढ़ती किराया दरों से जूझ रहे टाउनशिप के सैकड़ों सेवानिवृत्त रिटेंशनधारियों के लिए राहत की उम्मीद जगी है.
यह मामला लंबे समय से लंबित था, जिसमें सेवानिवृत्त या सेवा समाप्ति के बाद भी कंपनी क्वार्टर में रहने वाले कर्मचारियों से वसूले जा रहे दंडात्मक किराये को लेकर विवाद था. कई कर्मचारियों और यूनियनों ने इसे चुनौती दी थी, यह तर्क देते हुए कि ग्रेच्युटी उनकी वैधानिक राशि है और बिना उचित प्रक्रिया के उसमें कटौती नहीं की जा सकती.
सुप्रीम कोर्ट ने अपने निर्देश में कहा कि बीएसपी-सेल को दंडात्मक किराया ग्रेच्युटी से समायोजित करने का अधिकार है, लेकिन यह प्रक्रिया न्यायसंगत और स्पष्ट नियमों के तहत ही लागू होनी चाहिए. साथ ही, हर मामले में संबंधित कर्मचारी को अपनी बात रखने का अवसर देना जरूरी होगा.
कोर्ट ने यह भी संकेत दिया कि यह निर्णय विशेष मामले तक सीमित रहेगा और अन्य मामलों में स्वतः लागू नहीं होगा. प्रबंधन को नई गाइडलाइन के अनुसार प्रक्रिया तय करनी होगी, ताकि भविष्य में ऐसे विवाद कम हों. इस फैसले से बीएसपी कर्मचारियों को राहत की उम्मीद जगी है, वहीं प्रबंधन के लिए पारदर्शी और संतुलित नीति अपनाना अनिवार्य हो गया है. अब सभी की नजर इस बात पर है कि कंपनी इन निर्देशों को किस तरह लागू करती है.

हाउस लीज संयुक्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र परगनिया का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि अदालत ने कंपनी के अधिकार को जरूर स्वीकार किया है, लेकिन साथ ही कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा के लिए स्पष्ट सीमाएं भी तय कर दी हैं. ऐसे में बीएसपी प्रबंधन को इन निर्देशों का पालन करना ही होगा.
