साल्हेओना में बाबा वैद्यनाथ मिनरल्स क्रेशर सील
रायपुर- सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में अवैध खनिज गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सरिया तहसील के ग्राम साल्हेओना स्थित बाबा वैद्यनाथ मिनरल्स क्रेशर को सील कर दिया है. निरीक्षण के दौरान गौण खनिज भंडारण संबंधी नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर संचालक को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है.
कलेक्टर के निर्देश और खनि अधिकारी के मार्गदर्शन में खनिज अमले की टीम ने साल्हेओना क्षेत्र का निरीक्षण किया. जांच के दौरान बाबा वैद्यनाथ मिनरल्स, प्रो. रमेश कुमार अग्रवाल के नाम स्वीकृत डोलामाइट भंडारण स्थल का मौका निरीक्षण किया गया. इस इकाई को 41,550 मीट्रिक टन (एक समय) डोलामाइट भंडारण की अनुमति 13 जनवरी 2022 से 12 जनवरी 2032 तक के लिए प्रदान की गई है. निरीक्षण में पाया गया कि यहां छत्तीसगढ़ गौण खनिज (खनन, परिवहन एवं भंडारण) नियम, 2009 में निर्धारित शर्तों का पालन नहीं किया जा रहा था. नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी किया और क्रेशर को सील करने की कार्रवाई की.
