जेल से छूटते ही फिर शुरू की धमकीबाजी, पीड़िता पर केस वापस लेने का बनाया दबाव, आरोपी गिरफ्तार
कोंडागांव- केशकाल थाना क्षेत्र में अनाचार और ब्लैकमेलिंग के मामले में पहले से आरोपी रहे एक युवक को पीड़िता के मोबाइल पर धमकी देने और केस वापस लेने का दबाव बनाने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस के अनुसार, थाना केशकाल में एक पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अमान विरानी नामक युवक, जिसके खिलाफ पूर्व में अनाचार एवं ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज हुआ था, जेल से रिहा होने के बाद लगातार मोबाइल के माध्यम से उससे संपर्क कर रहा था. आरोपी पीड़िता पर पूर्व में दर्ज प्रकरण वापस लेने का दबाव बना रहा था तथा ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दे रहा था. शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी न्यायालयीन कार्यवाही और कोर्ट-कचहरी में हुए अपने खर्च के पैसे भी पीड़िता से मांग रहा था. मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना केशकाल में अपराध दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई.
पुलिस अधीक्षक कोंडागांव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी केशकाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास बघेल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अमान विरानी की तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की है.
केशकाल पुलिस ने कहा है कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध, धमकी, दबाव और उत्पीड़न के मामलों में आगे भी सख्त एवं त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी.
