भूपेश बघेल का तंज बोले- इस खेल का असली “सरगना” कौन
रायगढ़- छत्तीसगढ़ में अवैध अफीम खेती के मामलों का सिलसिला जारी है. रायगढ़ जिला में अब एक और बड़ा मामला सामने आया है, जहां तरबूज और ककड़ी की खेती के बीच करीब एक एकड़ में अफीम उगाई जा रही थी. मामले की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची है. यह पूरा मामला तमनार थाना क्षेत्र के आमाघाट इलाके का है.
बताया जा रहा कि आमाघाट के नदी किनारे करीब एक एकड़ में अफीम की खेती हो रही थी. इसकी जानकारी मिलते ही एसपी, एडिशनल एसपी समेत जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रहे हैं. पुलिस झारखंड के एक आरोपी मार्शल सांगां को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. हालांकि यह जमीन किसकी है यह स्पष्ट नहीं हो पाया है. जमीन सरकारी बताई जा रही है.
भूपेश बघेल का तंज, सरकार पर उठाए सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायगढ़ समेत प्रदेश में लगातार सामने आ रहे अवैध अफीम खेती के मामलों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में तंज कसते हुए कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी पर सवाल उठाए. बघेल ने कहा कि भाजपा सरकार के संरक्षण में प्रदेश भर में हो रही अफ़ीम की खेती का पर्दाफ़ाश जारी है. अब रायगढ़ के तमनार थाना क्षेत्र के आमाघाट में अफ़ीम की खेती पकड़ी गई है. जिस तरीक़े से प्रदेश में सूखे नशे के कारोबार को अंजाम दिया जा रहा है, यह घातक है. मुख्यमंत्री और गृहमंत्री की चुप्पी बताती है कि इस खेल का असली “सरगना” कौन है.
https://x.com/bhupeshbaghel/status/2034899105252790552
बता दें कि सबसे पहले दुर्ग जिले में करीब पांच एकड़ में अफीम की खेती पकड़ी गई थी, जहां समोदा गांव में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के खेत में अवैध अफीम की खेती हो रही थी. इस मामले में बड़ी लापरवाही सामने आने के बाद कलेक्टर ने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी एकता साहू को निलंबित कर दिया गया है. वहीं पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उसके बाद बलरामपुर जिले में दो स्थानों पर अफीम की खेती पकड़ी गई थी. झारखंड सीमा से लगे करोंधा थाना क्षेत्र के चंदाडांडी गांव और कुसमी थाना क्षेत्र के त्रिपुरी गांव में करीब तीन एकड़ जमीन पर अवैध अफीम की खेती की जा रही थी. पुलिस ने अफीम की खेती करने के मामले में किसान सहादुर नगेशिया और टुईला राम को गिरफ्तार किया है.
