ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही : हिरासत से आरोपी फरार, 4 पुलिसकर्मी निलंबित
सक्ति- जिले के जैजैपुर थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 68/2024 (धारा 454, 380 IPC) के एक आरोपी के पुलिस हिरासत से फरार हो जाने के मामले में पुलिस अधीक्षक ने सख्त कार्रवाई की है.
जानकारी के अनुसार, आरोपी सुरेंद्र पटेल निवासी औरईकला, चौकी नैला, जांजगीर को 18 मार्च 2026 की रात करीब 9 बजे हिरासत में लेकर थाना जैजैपुर लाया गया था. उसे आगे की विवेचना के लिए थाने में रखा गया था. आरोपी की सुरक्षा के लिए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आई, जिसके चलते आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया. इस गंभीर चूक को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने चार कर्मचारियों प्रधान आरक्षक अनुप खलखो, आरक्षक रामनिवास उरांव, आरक्षक बज्रसेन लहरे और आरक्षक कामता मार्चे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. यह कार्रवाई 19 मार्च 2026 से प्रभावी मानी गई है. निलंबन अवधि के दौरान संबंधित कर्मचारियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा.

