कांग्रेस का विधानसभा घेराव: हजारों की संख्या में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, भाजपा सरकार पर साधा निशाना
रायपुर- मनरेगा बचाओ संग्राम तथा प्रदेश के स्थानीय मुद्दो बिजली के दाम में बढ़ोत्तरी, किसानो से धोखा, धान खरीदी पर वादा खिलाफी, गैस सिलेंडर के दामो की बढ़ोत्तरी, कानून व्यवस्था, प्रदेश में नशे की खेती और करोबार जैसे मुद्दो को लेकर कांग्रेस ने आज विधानसभा का घेराव किया. हजारों की संख्या में भारत माता चौक में एकत्रित होकर कांग्रेसजनों ने विधानसभा की ओर कूच किया. सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा.
कार्यक्रम में प्रदेश के प्रभारी महासचिव सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, एआईसीसी सचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी एस संपत कुमार, एआईसीसी सचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी जरिता लैतफ्लांग, एआईसीसी संयुक्त सचिव एवं प्रदेश सह-प्रभारी विजय जांगिड़ सहित, पूर्व मंत्रीगण, विधायकगण राज्य के वरिष्ठ नेतागण, कार्यकर्ता, पदाधिकारी सहित आम आदमी बड़ी संख्या में शामिल हुये.
दबाव में निर्णय ले रही भाजपा सरकार : सचिन पायलट
राष्ट्रीय महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि गरीबों, मजदूरों को वंचित, जो असहाय है, निर्बल है उन लोगों की आवाज बन कर राजधानी में विधानसभा के घेराव का निर्णय लिया है. छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में कांग्रेस पार्टी ने जनता की आवाज को उठाने का बीड़ा उठाया है. आपके साथ मिलकर इस सरकार को जगाना जरूरी है कि प्रमुख रूप से नरेगा का कानून बना था ये बड़ा और विचित्र कानून था जो पूरे दुनिया में किसी मुल्क में नहीं था. रोजगार का अधिकार सोनिया गांधी जी ने डॉ. मनमोहन सिंह ने दिया. मोदी जी प्रधानमंत्री बने उनका पहला भाषण मनरेगा के खिलाफ था. उनकी मंशा 2014 में इस नरेगा को बंद करने की थी. तीसरी बार सरकार बनने के बाद मोदी सरकार इस कानून में बदलाव करना चाहती है, वो बंद करना चाहती है. पहले केंद्र सरकार नरेगा का 90 प्रतिशत पैसा दिल्ली से आता था. अब इन्होंने राज्यों पर 60-40 का रेस्यों डाल दिया. जो कार्यक्रम होंगे खेत, खलिहान, कुएं, तालाब निर्माण वो निर्णय ग्राम पंचायत नहीं कर सकती वो सब केन्द्रित कर दिया. भाजपा की सरकार समझ गयी कि देश की जनता का कितना भी शोषण कर लो, कितना भी अत्याचार कर लो, कितना भी कानून बदल लो, ये धर्म की आड़ में, हिन्दू-मुसलमान की आड़ में, मंदिर-मस्जिद की आड़ में दोबारा फूल छाप पर ही वोट डालेंगे. इस सरकार को गलतफहमी हो गयी है. देश में बहुत सारे प्रधानमंत्री हुये लेकिन किसी प्रधानमंत्री ने 75 सालों में देश के किसानों के साथ धोखा नहीं किया है. हमारी नीतियां अलग हो सकती है, विचारधारा अलग हो सकती है. किसी सरकार ने किसी प्रधानमंत्री किसानों के साथ धोखा नहीं किया.
उन्होंने कहा कि पहली बार ऐसी सरकार जो दिल्ली में बैठी है जो दबाव में निर्णय लिये जा रहे है. किसानों से धोखा कर रहे है. इस देश के किसानों के हित को दरकिनार करके अमेरिका के साथ समझौता किया है. जो ऐसी सरकार नहीं बनी है जो विदेशी ताकतों के सामने घुटने टेक दे. दूसरे देश के मुल्क किसी भी देश की ताकतों को नहीं रोक सकता है. डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका में बैठे-बैठे युद्ध की घोषणा कर देते है. जिन मुल्कों के साथ हमारी समझौता हुआ है आज खाड़ी में हमारे 95 लाख भारतीय रहते है. उनकी सुरक्षा के लिए क्या किया? आज देश में कानून बनते है वो पक्षपात कानून बनते है. नोटबंदी लेकर आए लोगों को लाइन लगा दिया. फिर गैस के लिए लोगों को लाइन लगा दिया. आज के हालात पैदा करती रही, देशों सिर्फ पूंजीपतियों की तूती बोल रही है. भाजपा सरकार को गरीब, किसान, महिला से कोई सरोकार नहीं. इसके खिलाफ पूरे देश में कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी जी के नेतृत्व में जनता की आवाज बुलंद कर रही हैं. भाजपा सरकार को सवा दो साल हो गए सरकार की नाक के नीचे अफीम की खेती होती है. आपने उजागर कर दिया, सरकार को मजबूर होना पड़ गया. इस प्रकार किसी भी आपराधिक कार्रवाई करते हैं. साम, दाम, दंड भेद सब लगा दी सभी राज्यों के चुनाव हुए लालच देकर अपने पक्ष वोट करवा रहे है. आज प्रधानमंत्री अटल बिहारी होते तो और अमेरिका का रवैया ऐसा होता तो कभी मानने को तैयार नहीं होती.
भाजपा की सरकार से छत्तीसगढ़ की जनता त्रस्त : दीपक बैज
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सभा को संबोधित करते हुए कहा है कि आज ऐतिहासिक विधानसभा घेराव है. पूरे छत्तीसगढ़ के कोने-कोने से हमारे कार्यकर्ता आए हैं. यह घेराव मनरेगा कानून व्यवस्था, मजदूर, युवा, किसानों के लिए है. भाजपा की सरकार से छत्तीसगढ़ की जनता त्रस्त हो चुकी है. 2028 में इस सरकार को उखाड़ कर फेंकना है. देश में मनरेगा अर्थव्यवस्था की ताकत है, भाजपा की सरकार ने इसे खत्म कर दिया है. मनरेगा से करोड़ों लोगों को रोजगार मिलता था लेकिन केंद्र सरकार ने इस योजना को कमजोर कर दिया है. छत्तीसगढ़ की सरकार में बिजली बिल बढ़ गया है, कांग्रेस की सरकार थी तब बिजली बिल हाफ योजना की शुरुआत हुआ था. भाजपा की सरकार में बिजली बिल से लोग परेशान हैं. महतारी वंदन योजना के नाम से बिजली बिल बढ़ाकर पैसा वसूला जा रहा है. जल, जंगल, जमीन, कोयला संसाधन सबको यह सरकार लूट रही है. आज छत्तीसगढ़ के युवा धरने में बैठे हैं, अपने अधिकार की मांग को लेकर लेकिन सरकार इस मामले में कोई ध्यान नहीं दे रही है. बीजेपी सरकार किसानों के साथ धोखा कर रही है. किसानों से उनका धान नहीं खरीद रही ह.ै गैस के लिए हाहाकार मचा हुआ है. देश की जनता को गैस नहीं मिल रहा है इससे ज्यादा दुर्भाग्य की बात क्या हो सकता है. छत्तीसगढ़ अपराध का गढ़ बन गया है. कांग्रेस में मंडल ब्लॉक जिला अध्यक्षों की नियुक्ति हुई है अब पंचायत में भी नियुक्ति की जाएगी लेकिन भाजपा सरकार में जनता परेशान हो चुकी है कि सरकार को उखाड़ कर फेंकेंगे. आने वाले विधानसभा चुनाव 2028 में हमारे कार्यकर्ता मजबूती से लड़ेंगे और हमारी सरकार बनेगी.
भाजपा सरकार सिर्फ चंद उद्योगपतियों की आवाज सुनती : चरणदास महंत
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पायलट के नेतृत्व में घेराव का कार्यक्रम रखा गया है आप उस वीर भूमि से आए हैं जहां लोग सम्मान से रहते हैं. छत्तीसगढ़ के लोग भी आपके स्वाभिमान के लिए जीना जानते हैं. छत्तीसगढ़ की सरकार युवा, किसान, महिला, गरीब का ध्यान नहीं दे रही है. आने वाले समय में हमारी केंद्र और राज्य में सरकार बनेगी. कांग्रेस गरीबों के साथ है. कांग्रेस पार्टी के साथ गरीबों का आशीर्वाद है. विधानसभा का आज घेराव होने वाला है. मजदूर गरीबों की बात सुनाई नहीं देती भाजपा सरकार सिर्फ चंद उद्योगपतियों की आवाज सुनती है. भाजपा की सरकार ने कांग्रेस के कार्यकाल में रखा गया नाम को बदला जा रहा है. नाम बदलने के साथ नीति में भी बदलाव करती है. केंद्र की सरकार लोगों के अधिकारों को छीन रही है. हम महात्मा गांधी के चेले हैं, कांग्रेस पार्टी गरीब, मजदूर, किसान सबके साथ है. मोदी सरकार में गरीबी और अमीरी के बीच फासला बढ़ा है. भाजपा सरकार में मजदूरों की रक्षा-सुरक्षा नहीं हो रही है. छत्तीसगढ़ की साय सरकार किसानों के साथ भेदभाव कर रही है, उनका पूरा धान नहीं खरीदा जा रहा है. छत्तीसगढ़ अपराध गढ़ बन गया है. आने वाले समय में हमें छत्तीसगढ़ और केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनाना है.
56 इंच की सरकार क्या काम के जो खाद, सिलेंडर नहीं दिला पा रहे : भूपेश बघेल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि मनरेगा सोनिया और मनमोहन सिंह जी की सोच है. मनरेगा गरीब आदमी से भी रोजगार प्राप्त करने का अधिकार है. दुनिया के सबसे बड़े रोजगार योजना कानून नहीं बल्कि योजना कानून बनाने के काम है. इसके तहत लाखो करोड़ो परिवारो को रोजगार मिला. गरीब आदमी को जीवन जीने के अधिकार पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया जी और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी ने दिया था. भाजपा ने अधिकार छीनने का काम कर रहे है और वंचित करना चाह रहे है. लेकिन यह भाजपा सरकार नियम को बदल दिया. अब केन्द्र सरकार तय करेंगे की क्या काम मिलेगा और क्या नहीं? ये सरकार खैरात बदलने का काम कर रही है. केन्द्र सरकार शत-प्रतिशत जो राशि देते थे, वह राशि शत प्रतिशत नहीं मिलेगा. पंचायत में 15 वित्त के पैसा नहीं आ रहा है, नल जल योजना के पैसा नहीं आ रहा है, यहां मूलभूत के पैसा नहीं आ रहा है और भाजपा की सरकार कहती है 40 प्रतिशत पैसे देंगे? 40 प्रतिशत पैसा नहीं मिलने वाला है. गरीब के मुंह से निवाला छीनने का काम भाजपा की सरकार कर रही है. भाजपा की सरकार मनरेगा को छीनने का काम कर रही है. 2028 में कांग्रेस की सरकार बनेगी और 2029 में दिल्ली में कांग्रेस की सरकार बनेगी और राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनेगे और यह मनरेगा फिर से शुरू होगा. आज जो मजदूरी मिल रहा है उससे डेढ़ गुना मजदूरी देंगे. भाजपा की सरकार छप्पन इंच का है वो भी दिखाने के लिये. किसान को डीएपी नहीं मिला, यूरिया नहीं मिल रहा है. 56 इंच की सरकार क्या काम के जो किसान को एक बोरी डीएपी नहीं दिला पा रहे है और न ही एक बोरा यूरिया नहीं दिला पा रहे है और बहन माता को एक सिलेंडर नहीं दिला पा रहे है. आज पूरा देश में गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है. गैस सिलेंडर का रेट 60 रू. बढ़ा दिया और जो कमर्शियल गैस है उनको बंद कर दिया गया. आज सिलेंडर ढाई हजार से कम में नहीं मिल रहा है और बहुत इमरजेंसी है तो चार हजार में खरीदने को मजबूर है. राहुल गांधी ने कहा 56 इंच के विश्व गुरू लोकसभा नहीं आ पायेगे और दिल्ली के लोकसभा में कांग्रेस के सांसद नारा लग रहा है, नरेन्द्रर भी गायब और सिलेंडर भी गायब का नारा लगा रहे है. पूरा दुनिया में विदेश नीति के थू-थू हो रहे है, जो परंपरागत मित्र है उनका साथ छोड़ दिया, रूस ने साथ छोड़ दिया. बस्तर के पोटाकेबिन में हास्टल के जो नाबालिक छात्रा है गर्भवती हो रहे है. चिंता का विषय है. भाजपा की सरकार माता, बहन, बेटी की इज्जत लूटना चाह रही है, यह सरकार कोई कार्यवाही नहीं कर रहे है और छत्तीसगढ़ को नशा में डूबोने का काम कर रही है. अभी केवल तीन जगह अफीम की खेती को पकड़ा गया. विष्णुदेव कह रहे है कि हम सौगुना करेंगे. भाजपा की सरकार कहती है आय दुगुना करने की बात जब अफीम की खेती भाजपा करवा रही है तो आया दुगुना नहीं सौगुना होगा. नशे के कारोबार में भाजपा के नेता पकड़ा रहे है. भाजपा प्रदेश के पदाधिकारी विनायक ताम्रकार और बलरामपुर में भाजपा के नेता पकड़ा रहे है. विनायक ताम्रकार का नाम तीसरा नंबर में क्यो है? भाजपा की सरकार विनायक ताम्रकार और भाजपा नेताओ को बचाने का काम कर रही है.
सभा को वरिष्ठ नेता ताम्रध्वज साहू, पूर्व अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, पूर्व मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया, पूर्व मंत्री मोहन मरकाम, पूर्व मंत्री अमितेष शुक्ल, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, पूर्व मंत्री उमेश पटेल, विधायक देवेन्द्र यादव, सुबोध हरितवाल ने संबोधित किया. कार्यक्रम का संचालन मलकीत सिंह गैदू, आभार रायपुर शहर अध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने किया.
