उद्यमिता जागरूकता शिविर कार्यशाला सम्पन्न
राजनांदगांव- गत रविवार को स्थानीय डॉ. आम्बेडकर सांस्कृतिक भवन भरकापारा में उद्यमिता जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजय गजघाटे अपर संचालक उद्योग संचालनालय रायपुर थे . कार्यक्रम में सर्वप्रथम बी. पी. वासनिक सेवानिवृत्त महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र राजनांदगांव द्वारा उद्यमिता जागरूकता शिविर के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए एक सफल उद्यमी के गुणों तथा उद्यमिता की परिभाषा, वित्तीय साक्षरता और निवेश के संबंध में जानकारी दी गई. शेखर मेश्राम डी. आर. पी. जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र राजनांदगांव द्वारा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना की जानकारी प्रदान की गई. रायपुर से पहुँचे बैंक अधिकारी मंडलोई प्रबंधक द्वारा बैंक ऋण की प्रक्रिया, मार्जिन मनी योजना की जानकारी तथा बैंक गॉरंटी आदि योजना की जानकारी दी गई. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गजघाटे अपर संचालक द्वारा शासन द्वारा शुरू की गई स्टार्टअप योजना की जानकारी प्रदान की गई कि कैसे युवा साथी शासन के साथ मिलकर अपना व्यवसाय, उद्योग प्रारंभ कर सकते हैं. उन्होनें उबेर, ओला एवं अमेजन को स्टार्टअप का अच्छा उदाहरण बताया. उन्होनें डॉ. आम्बेडकर के संदेशों का उदाहरण देते हुए कहा कि बाबा साहब के शिक्षित बनो नारे का आशय लोगों ने सर्टिफिकेशन, डिग्री को ही लेना समझ लिया है. मुख्य अतिथि ने सरकार द्वारा चलाई गई विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि युवा साथी सही रोजगार, उद्योग का चयन कर युवा उद्यमी बनने के साथ ही और भी लोगों को रोजगार प्रदान कर सकते हैं. उन्होनें एक्सपोर्ट (निर्यात ) योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा कहा कि मान्यता प्राप्त बैंकों से ही बैंक ऋण प्राप्त किया जा सकता है.
कार्यक्रम में अतुल वासनिक उद्योगपति, अनुराग ठावरे, प्रतिमा वासनिक अध्यक्ष संघमित्रा महिला मंडल भरकापारा, अखिलेश वरे, शेखर मेश्राम आदि प्रतिभागी उपस्थित थे. कार्यक्रम का संचालन बी. पी. वासनिक द्वारा किया गया.
