शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा और अतिक्रमण करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई, चला प्रशासन का बुलडोजर
राजनांदगांव – कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जिले में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा और अतिक्रमण करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में एसडीएम राजनांदगांव गौतम पाटिल के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम द्वारा ग्राम मनगटा एवं झुराडबरी में अवैध कब्जा एवं अतिक्रमण पर कार्रवाई की गई. ग्राम मनगटा के वन चेतना केन्द्र में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा और अतिक्रमण कर बनाए गए रिसॉर्ट पर बुलडोजर चलाकर हटाया गया. इसी तरह ग्राम झुराडबरी में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर बनाए गए कच्चा रास्ता व प्रवेश द्वार, शौचालय व नाली निर्माण को हटाया गया. इसके साथ ही अतिक्रमण करने वाले ग्राम झुराडबरी निवासी प्रमोद चौधरी, राघवेन्द्र सिंह एवं हेमंत सिंग पर अर्थदण्ड लगाया गया. इस दौरान अवैध कब्जा और अतिक्रमण करने वालों को भविष्य में शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवैध कब्जा कर निर्माण नहीं करने की हिदायत दी गई. जिले में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा और अतिक्रमण करने वालों के विरूद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
