भालू का शिकार कर खाल की तस्करी करने वाले 11 आरोपी गिरफ्तार
कांकेर- गोण्डाहूर थाना पुलिस ने जंगली भालू का शिकार कर उसकी खाल की तस्करी करने वाले 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जंगली भालू की खाल, एक मोटरसाइकिल तथा शिकार में इस्तेमाल किए गए जाल, छुरी और कुल्हाड़ी बरामद की है.
पुलिस को 11 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग जंगल में जंगली भालू का शिकार कर उसकी खाल बेचने की तैयारी कर रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम कुरूशबोडी में दबिश देकर एक आरोपी के पास से भालू की खाल बरामद की.
पूछताछ में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आई. जांच में पता चला कि आरोपियों ने ग्राम ढोरकट्टा और हलांजूर के बीच जंगल में भालू का शिकार किया था. इसके बाद उन्होंने भालू का मांस पकाकर खाया और खाल को सुखाकर बेचने के लिए रखा था.
पुलिस ने सभी 11 आरोपियों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
बरामद सामग्री
जंगली भालू की खाल (कीमत लगभग 1 लाख रुपये)
मोटरसाइकिल CG-19/BQ-3181
05 जाल
01 छुरी
01 कुल्हाड़ी
