मांस-मटन बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध : तीन धार्मिक पर्वों पर मांस-मटन की दुकानें रहेगी बंद
रायपुर- रायपुर नगर पालिक निगम क्षेत्र में आगामी धार्मिक पर्वों के अवसर पर मांस-मटन की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. नगर निगम की महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है.
नगर निगम स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 20 मार्च 2026 को चेट्रीचंड पर्व, 27 मार्च 2026 को राम नवमी और 31 मार्च 2026 को महावीर जयंती के अवसर पर रायपुर नगर निगम क्षेत्र में स्थित पशुवध गृह तथा सभी मांस-मटन विक्रय की दुकानों को बंद रखा जाएगा.
यह आदेश छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देशों के पालन में जारी किया गया है. नगर निगम की स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणिग्रही ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.
नगर निगम के जोन स्वास्थ्य अधिकारी और स्वच्छता निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण कर प्रतिबंध का पालन करवाएंगे.
महापौर मीनल चौबे ने स्पष्ट किया है कि यदि इन पर्वों के दिन किसी होटल या दुकान में मांस-मटन का विक्रय करते पाया गया, तो सामग्री की जप्ती की जाएगी और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी.
