ग्रामवासियों की शिकायत रंग लाई, हाईकोर्ट के बाद एक्शन
रायपुर- रायपुर जिले के विकासखंड आरंग अंतर्गत ग्राम निसदा में संचालित 7 फर्शी पत्थर खदानों का पट्टा अनिश्चितकाल के लिए निरस्त कर दिया गया है. यह आदेश रायपुर कलेक्टर द्वारा खनिज शाखा के माध्यम से जारी किया गया है.
बताया जा रहा है कि ग्राम निसदा में संचालित खदानों के खिलाफ ग्रामीणों ने पूर्व में लिखित शिकायत की थी. ग्रामीणों का आरोप था कि खनन कार्य के कारण महानदी के पर्यावरण को नुकसान पहुंच रहा है और गांव की घास भूमि पर फर्शी पत्थर का मलबा डाला जा रहा है. शिकायत के बाद कार्रवाई हुई थी, लेकिन कुछ समय बाद खदान संचालकों ने फिर से खनन कार्य शुरू कर दिया. इसके विरोध में ग्राम निसदा के ओमप्रकाश सेन ने बिलासपुर हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की.
हाईकोर्ट में मामले की सुनवाई के बाद रायपुर कलेक्टर से रिपोर्ट तलब की गई. इसके बाद कलेक्टर ने सख्त कदम उठाते हुए गांव में संचालित 7 खदानों की लीज और खनन कार्य को निरस्त करने का आदेश जारी कर दिया.
