यादव जी की लव स्टोरी को रोकने सर्व यादव समाज ने दिया ज्ञापन
भिलाई- सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ प्रदेश के द्वारा “यादव जी की लव स्टोरी” फिल्म को तत्काल रोकने और कार्रवाई करने की मांग करते हुए आज कलेक्टर जनदर्शन के दौरान जिलाधीश को ज्ञापन सौंपा. जिसमें कहा गया है कि इस फिल्म निर्माता ने सामाजिक सौहार्द का ध्यान न रखते हुए मनमाने तरीके से समाजों को लड़ाने की कोशिस की है. छत्तीसगढ़ सर्व यादव समाज के दुर्ग ग्रामीण जिलाध्यक्ष भानुप्रताप यादव ने राष्ट्रपति के नाम सौंपे अपने ज्ञापन में लिखा है कि ‘‘यादव जी की लव स्टोरी” फिल्म के डॉयरेक्टर अंकित भडाना व संदीप तोमर के द्वारा 27 फरवरी 2026 को फिल्म रिलीज किया जा रहा है, जिसमें एक यादव लड़की व मुसलमान लड़के के काल्पनिक प्रेम प्रसंग को दिखाया गया है. जो कि बहुत आपत्ति जनक है. इस फिल्म के नाम व कहानी यादव समाज की बहन बेटियों के सम्मान के विरूद्व होने के कारण यादव समाज की भावनाएं लगातार आहत हो रही है. इससे संपूर्ण भारत वर्ष का यादव समाज आक्रोशित व चिंतनीय है. वहीं फिल्म रिलीज होने से सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की भी संभावना है.

जिलाध्यक्ष भानुप्रताप यादव ने सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ प्रदेश द्वारा सौंपे ज्ञापन की प्रतिलिपि राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व सूचना प्रसारण मंत्री, अध्यक्ष राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम लिमिटेड नई दिल्ली व मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन को भेजकर मामले को संज्ञान में लेते हुए फिल्म को जारी होने से पूर्व प्रतिबंधित किये जाने की मांग की है. यह उल्लेखनीय है कि “यादव जी की लव स्टोरी” फिल्म को रिलीज न होने देने के लिए प्रदेशभर के यादव समाज के लोग एकजुट होने लगे है. यह आशंका बढ़ गई है कि यदि समय रहते इस पर ध्यान न दिया गया तो आने वाले समय में पूरे देश मे वातावरण खराब होगा और सामाजिक सौहार्द बिगड़ेगा. ज्ञापन में स्पष्ट तौर पर इसकी जानकारी जिला प्रशासन को दी गई है. दोनों ही ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है हालांकि सर्व यादव समाज ने ज्ञापन में इस फिल्म को कड़ाई से रोकने की अपनी मांग पर जोर दिया है. सामाजिक एकजुटता के लिए वे लोग फिल्म के प्रदर्शन को प्रतिबंधित करने के लिए प्रदेश संगठन को रुख करेंगे. दूसरी ओर यादव जी की “यादव जी की लव स्टोरी” को लेकर लोगों में जिज्ञासा का भाव पैदा होने लगा है दर्शक किस रूप में इसे लेंगे और प्रशासन क्या करेगा यह आने वाले समय में देखने वाली बात होगा.
