बजट पर प्रतिक्रिया: साय सरकार का बजट विनाश व दुर्गति वाला- कुलबीर
राजनांदगांव- वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए SANKALP थीम पर आधारित 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये का बजट पेश किया. बजट पेश होते ही राजनेताओं की प्रतिक्रिया भी आनी शुरू हो गई है. पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने बजट पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सरकार पर जमकर निशाना साधा है. उन्होनें जनता को भ्रमित करने वाला बजट बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार बड़ी-बड़ी घोषणाएं करता है किन्तु जमीनी स्तर पर कुछ नहीं. तीन साल में इस सरकार ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए जनता को तरसा दिया है.
छोटे व्यापारी और मध्यम वर्ग आर्थिक दबाव में है, किसान लागत और लाभ के अंतर से जूझ रहा है ऐसे समय में बजट से ठोस राहत की अपेक्षा थी परंतु बजट में किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए कुछ भी नहीं है, मोदी की गारंटी का कोई जिक्र ही नहीं. किसानों का रकबा बढ़ा, उत्पादन बढ़ा लेकिन खरीदी कम हुई है. गांव, गरीब, किसान मजदूर और युवा की प्राथमिकता को केन्द्र में रखने में सांय सरकार पूरी तरह असफल साबित दिखाई दे रही है. युवाओं को स्थाई रोजगार देने जैसे मूल मुद्दों पर कोई स्पष्ट और प्रभावी रोडमैप नहीं दिख रहा है. बेरोजगारी पर कोई फोकस नहीं, राजनांदगांव जिले को पूरी तरह से अनदेखी किया गया है. यह जिला कृषि, शिक्षा और व्यापार का केन्द्र बिन्दु है लेकिन यहां सिंचाई, ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण, स्वास्थ्य सुविधाओं के उन्नयन और स्थानीय उद्योग के प्रोत्साहन हेतु कोई प्रावधान नहीं दिख रहा है. वहीं रेलवे ट्रैक का विस्तार कर सिर्फ यहां के खनिज संसाधनों को लूटने के लिए, यात्री ट्रैन स्टापेज नही. कुल मिलाकर यह बजट विनाश व दुर्गती वाला बजट दिख रहा है.
