एम्बुलेंस से 5 क्विंटल 20 किलो गांजा बरामद
महासमुंद – महासमुंद जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एम्बुलेंस से 5 क्विंटल 20 किलो गांजा बरामद किया है. जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ₹2.60 करोड़ आंकी गई है। इस हाई-प्रोफाइल गांजा तस्करी मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि तस्करी का सरगना फेमस सोशल मीडिया स्टार और सर्प मित्र आकाश जाधव है.
पुलिस जांच में सामने आया कि आकाश जाधव सांप रेस्क्यू की आड़ में ओडिशा से महाराष्ट्र के पुणे तक गांजा तस्करी करता था. आरोपी की सोशल मीडिया पर जबरदस्त पहुंच है—उसके यूट्यूब चैनल पर 56.8 लाख सब्सक्राइबर और इंस्टाग्राम पर 3.17 लाख फॉलोवर्स हैं, जिसका वह तस्करी नेटवर्क को संचालित करने में फायदा उठा रहा था.
ANTF (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) और कोमाखान पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ. पुलिस ने थोक बिक्री, परिवहन और खुदरा नेटवर्क से जुड़े कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. प्रारंभिक जांच में एम्बुलेंस का इस्तेमाल पुलिस की नजरों से बचने के लिए किए जाने की पुष्टि हुई है.
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य कड़ियों और आर्थिक लेन-देन की जांच कर रही है. इस कार्रवाई को राज्य में नशे के खिलाफ अब तक की बड़ी सफलताओं में से एक माना जा रहा है.
