पुलिस ने जप्तशुदा अवैध मदिरा किया नष्ट, 10,000 लीटर शराब पर चला बुलडोजर
कोरबा- पुलिस लाइन, कोरबा में जिले के विभिन्न थाना एवं चौकियों में छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज न्यायालय से निराकृत 1866 प्रकरणों में जप्त लगभग 10,000 लीटर मदिरा का विधिवत नष्टीकरण किया गया.
इन प्रकरणों में जब्त की गई मदिरा में 7565 लीटर महुआ शराब, 1356 लीटर देशी शराब एवं 990 लीटर अंग्रेजी शराब सम्मिलित है. सबसे अधिक 346 प्रकरण थाना कटघोरा, 209 प्रकरण थाना बांकीमोंगरा तथा 200 प्रकरण थाना बांगो से संबंधित हैं, शेष प्रकरण जिले के अन्य थानों से प्राप्त हुए हैं.
यह कार्यवाही कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी कोरबा द्वारा गठित समिति की उपस्थिति में संपन्न हुई. छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल से प्राप्त प्रमाण-पत्र के आधार पर, यह नष्टीकरण पूरी पारदर्शिता एवं पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप किया गया. संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी कराई गई. उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व कोरबा जिले में पुलिस द्वारा 852 लावारिस वाहनों की नीलामी एवं 652 विसरा प्रकरणों का भी विधिवत नष्टीकरण किया जा चुका है.
